लॉकडाउन: दिल्ली से दो ठेले से पांच दिन में महराजगंज पहुंचे चार मजदूर
लॉकडाउन से दिल्ली में फंसे महराजगंज के चौक क्षेत्र के लोग दिन रात ठेला चलाकर पांच में अपने गांव पहुंच गए हैं। इन सभी को जांच-पड़ताल के बाद गांव के क्वारंटीन वार्ड में रखा गया है।
सोनाड़ी खास के दो सगे भाई रमेश व विद्यासागर दिल्ली में हार्डवेयर का काम करते थे। इनके साथ ओबरी गांव के कैलाश व नारद मुनि भी रहते थे। लॉकडाउन के बाद दिल्ली में काम धंधा बंद हो गया। लोग पलायन करने लगे, लेकिन यह चारों लोग दिल्ली में ही रुके रहे। मुहल्ला बाहर के लोगों से खाली होने के बाद मकान मालिक ने भी कमरा खाली करने को बोल दिया। इसके बाद यह चारों लोग दो ठेला लिए। उसी पर सभी सामान व राशन लेकर घर के लिए शनिवार की रात 10 बजे से दिल्ली से रवाना हुए। रास्ते में खाना बनाकर खाया। थोड़ा विश्राम के बाद बदल-बदल कर लोग ठेला चलाते हुए शुक्रवार को देख चौक बाजार पहुंचे। जहां लोगों ने इन लोगो का हौसला देख आश्चर्य जताया।
मेडिकल टीम ने जांच के बाद चारों लोगों को अपने गांव में बने क्वारंटीन वार्ड में रहने का निर्देश दिया। रमेश व कैलाश ने बताया कि अब घर पहुंच गए हैं। उनकी सभी समस्या दूर हो गई। अपनों के बीच में अब कोई टेंशन नहीं है। लॉकडाउन के बाद दिल्ली में ऐसा माहौल बन गया था कि अगर वहां से ना निकला जाय तो जिंदगी खत्म हो जाती।